फरीदाबाद,  सितंबर। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव मंगलवार को जिला फरीदाबाद के दौरे पर रहीं । इस दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से भी कम समय में प्रदेश में करीब 2,000 नए डॉक्टर सेवाओं से जुड़े हैं। इनमें लगभग 1,400 डॉक्टरों के अतिरिक्त करीब 430 नए डॉक्टरों को आज शामिल किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आवश्यक मशीनें उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में अभी बहुत कार्य किया जाना बाकी है और सरकार मेडिकल कॉलेजों में सुविधाओं के विस्तार तथा बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञ डॉक्टरों, प्रोफेसरों और असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पहले संबंधित संस्थाओं के माध्यम से मेडिकल कॉलेजों के लिए डॉक्टर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा था, लेकिन अब PGI के माध्यम से कमेटी गठित कर ऐसे पदों पर जल्द नियुक्तियां सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मेडिकल कॉलेजों में नियमित डॉक्टरों की नियुक्ति हो, ताकि विद्यार्थियों और मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

ट्रॉमा सेंटर से संबंधित सवाल पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इसकी स्थिति और कार्य में आ रही बाधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के बाद ही स्पष्ट रूप से जवाब दिया जा सकेगा। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत भुगतान को लेकर कहा कि सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत वित्तीय कमेटी के माध्यम से राशि जारी की जाती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि आगामी समय में आयुष्मान कार्ड से संबंधित लंबित राशि भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जारी कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)