फरीदाबाद, अक्टूबर। फरीदाबाद के श्री महारानी वैष्णो देवी मंदिर में चौथे नवरात्र का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और माता रानी के दरबार में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मंदिर संस्थान के जगदीश भाटिया ने चौथे नवरात्र पर मां दुर्गा के चौथे स्वरूप माता कुष्मांडा की महिमा का बखान किया। उन्होंने माता रानी की आराधना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को नवरात्र के पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भक्तों ने माता के जयकारे लगाए और अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
नवरात्र के इस पावन अवसर पर आरके बत्रा, मोनल कुकरेजा, निरल कुकरेजा, किकबॉक्सिंग के राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता सुइंदर गेरा, चंदर भाटिया, कवल खत्री और शेलेंद्र सहित अन्य लोगों ने मंदिर में पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर खेल जगत की उपलब्धियों को लेकर भी विशेष चर्चा रही। मोनल कुकरेजा लगातार 12 बार राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक हासिल किया है और आठ बार अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक भी अपने नाम किए हैं।
वहीं, निरल कुकरेजा लगातार पांच बार राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता रह चुकी हैं। उन्होंने लगातार चार बार अंतरराष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है।
मंदिर में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने धार्मिक उत्साह को और बढ़ा दिया। भक्तों ने माता रानी से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की कामना की।

