फरीदाबाद, जून । फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर के समीप डेल्टन कॉम्पाउंड के औद्योगिक क्षेत्र स्थित गुरु कृपा कंपनी के जूता गोदाम में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते फैक्ट्री का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे गोदाम के पीछे स्थापित बिजली के कंट्रोल पैनल में कथित शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने आसपास रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया और तेजी से पूरे गोदाम में फैल गई। गोदाम में बड़ी मात्रा में जूतों के पैक बॉक्स और अन्य सामग्री रखी हुई थी, जो आग की चपेट में आकर जल कर राख हो गई। आग की सूचना मिलते ही कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचित किया। सेक्टर-31 फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां करीब 15 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधनों का भी उपयोग किया गया। दमकल कर्मियों ने लगातार चार घंटे तक पानी की बौछार कर आग को फैलने से रोका और अंततः उस पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया।
हादसे के समय कंपनी में कर्मचारियों की संख्या बेहद कम थी, क्योंकि नियमित रूप से कर्मचारी सुबह आठ बजे के बाद काम पर पहुंचते हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कंपनी पहुंचने वाले कर्मचारियों को मुख्य द्वार पर ही रोक दिया गया। कंपनी में लगभग 300 से अधिक महिला एवं पुरुष कर्मचारी कार्यरत हैं। राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग की वजह से गोदाम में रखा जूतों का बड़ा स्टॉक और अन्य सामान जलकर नष्ट हो गया। नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका सामने आई है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। आग की घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्थाओं और विद्युत उपकरणों की जांच को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।

