लाखों रुपये कीमत का 50 किलो गांजा बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान दो प्लास्टिक के कट्टों से करीब 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजा कमर्शियल क्वांटिटी का बताया जा रहा है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई श्रीमती नीतिका गहलोत, आईपीएस, पुलिस अधीक्षक रेलवेज हरियाणा के कुशल निर्देशन में की गई। थाना जीआरपी फरीदाबाद की चौकी बल्लभगढ़ में तैनात महिला सहायक उप निरीक्षक ललिता कुमारी ने अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गुप्त सूचना के आधार पर रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर आरोपियों को रोककर तलाशी ली, जिसमें दो प्लास्टिक के कट्टों से 50 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोबनप्रीत, उसकी पत्नी अनीता निवासी फतेहाबाद तथा नितिन निवासी महम के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि बरामद गांजा विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश) से महम में सप्लाई किया जाना था।
पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी महिला अनीता को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि अन्य दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों को रिमांड अवधि पूरी होने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में गहनता से जांच एवं पूछताछ जारी है। जांच के दौरान नशे की इस खेप से जुड़े अन्य लोगों, सप्लाई नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय गिरोह के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। जीआरपी फरीदाबाद द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

