तिकोना पार्क स्थित महारानी वैष्णोदेवी मंदिर में स्वास्थ्य शिविर, भंडारा व 56 भोग का आयोजन

 

फरीदाबाद | तिकोना पार्क स्थित महारानी वैष्णोदेवी मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा दिवस बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा भाव के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण जयकारों व भक्ति गीतों से गूंज उठा।

कार्यक्रम की अगुवाई मंदिर संस्थान के प्रधान जगदीश भाटिया ने की। उनके नेतृत्व में आयोजित इस महोत्सव में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल देखने को मिली। प्रधान जगदीश भाटिया ने बताया कि मंदिर केवल पूजा-अर्चना का केंद्र नहीं, बल्कि समाज सेवा का भी प्रमुख स्थान है। इसी उद्देश्य से प्राण प्रतिष्ठा दिवस के अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया।

शिविर में शहर के प्रसिद्ध बत्रा हॉस्पिटल के डॉ. पंकज बत्रा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे और श्रद्धालुओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। मंदिर प्रबंधन ने डॉक्टरों और स्टाफ का आभार व्यक्त किया।

दोपहर से देर रात तक विशाल भंडारे का आयोजन निरंतर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर माता रानी का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर 45 केक काटकर माता रानी को भोग लगाया गया तथा पारंपरिक 56 भोग भी अर्पित किए गए, जिसे बाद में प्रसाद स्वरूप वितरित किया गया।

धार्मिक कार्यक्रमों के तहत दोपहर में माता रानी की भव्य चौकी श्रीमती इंदु खन्ना और जतिन जी द्वारा आयोजित की गई, जबकि शाम की चौकी राज सहगल ने श्रद्धा पूर्वक संपन्न कराई। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूम उठे।

मंदिर के सबसे वरिष्ठ एवं पुराने सेवादार किशन लाल अरोड़ा अपने परिवार सहित विशेष रूप से दर्शन करने पहुंचे। कार्यक्रम में चेयरमैन प्रताप भाटिया, धीरज, राहुल, ललित, अमन, नेत्रराम, विमल पूरी, चंद्र भाटिया, आशु, साहिल, जिया, शनिदेव, रौनक धमेजा, रमेश, सुरिंदर, अनिल ग्रोवर, बलजीत सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

प्रधान जगदीश भाटिया ने कहा कि मंदिर की महिमा और माता रानी की कृपा से ही यह आयोजन सफल हो पाया। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए भविष्य में भी समाज सेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।

पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *