नागरिकों से लिया गया फीडबैक, स्वच्छता में सहभागिता बढ़ाने पर जोर

 

फरीदाबाद, 30 अप्रैल। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आगामी 1 मई से शुरू होने वाले आईईसी अभियान “नई सोच–नया शहर : स्वच्छ हरियाणा” के सफल क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने की। यह अभियान स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 तथा SBM-U 2.0 के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है।

नगर निगम मुख्यालय, बी.के. चौक, एनआईटी स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित इस बैठक में आरडब्ल्यूए, मार्केट एसोसिएशन, गैर-सरकारी संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों के प्रतिनिधियों सहित नगर निगम अधिकारियों व स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में करीब 150 गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए सुझाव और फीडबैक साझा किए।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस अभियान का उद्देश्य शहर में स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वच्छता केवल निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है।

बैठक के दौरान शहर की स्वच्छता व्यवस्था, स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 की तैयारियों तथा आगामी दो सप्ताह तक चलने वाले आईईसी अभियान की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। कचरा प्रबंधन को सुदृढ़ करने, सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा जनसहभागिता बढ़ाने के लिए सुझाव आमंत्रित किए गए।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि अभियान के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, जनसंपर्क गतिविधियां तथा सामुदायिक सहभागिता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। साथ ही स्वच्छता कार्यों की निगरानी, रिपोर्टिंग व्यवस्था और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

निगम आयुक्त ने सभी संस्थाओं और संगठनों से अपील की कि वे अभियान में सक्रिय सहयोग दें, ताकि फरीदाबाद को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने के साथ-साथ स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर रैंकिंग हासिल की जा सके। उन्होंने कहा कि नागरिकों के फीडबैक से योजनाओं को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी और समाज को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि खाली प्लॉट में कचरा डालने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जाएगा। ऐसे मामलों में सफाई पर होने वाला खर्च संबंधित प्लॉट मालिक के टैक्स में जोड़ा जाएगा। आयुक्त ने नागरिकों से अपील की कि वे खाली प्लॉट और सड़कों पर कूड़ा न डालें तथा शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें।

इसके साथ ही उन्होंने पार्कों में धार्मिक स्थलों का निर्माण न करने तथा पार्कों व ग्रीन बेल्ट को हरा-भरा बनाए रखने में सहयोग देने का भी आह्वान किया।

बैठक में एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल, कार्यकारी अभियंता मनदीप सिंह, आईईसी एक्सपर्ट कल्पना मंडल, एसडीओ लखमी तेवतिया, पीआरओ जोगेंद्र रावत सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)