न्यु इन्द्रा काम्पलेक्स पार्ट-2-(गड्ढा कालोनी) मवई रोड नहरपार मे
फरीदाबाद। नहरपार स्थित मवई रोड पर प्रस्तावित दीवार निर्माण के विरोध में विभिन्न कॉलोनियों के हजारों निवासी रविवार को वार्ड-30 के पार्षद अनिल नागर के नेतृत्व में केंद्रीय राज्यमंत्री चौधरी कृष्णपाल गुर्जर से सेक्टर-28 स्थित उनके कार्यालय पर मिले। इस दौरान लोगों ने ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया। मामला न्यू इंदिरा कॉम्प्लेक्स पार्ट-1 व पार्ट-2 (गड्ढा कॉलोनी), भोपाल कॉलोनी तथा मवई क्षेत्र से जुड़ा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग अपनी जमीन की निशानदेही के नाम पर करीब 5 फुट ऊंची दीवार बनाने की तैयारी कर रहा है, जिससे कॉलोनियों के मुख्य निकास मार्ग बंद हो जाएंगे। पार्षद अनिल नागर ने मंत्री को बताया कि प्रस्तावित दीवार श्मशान घाट के किनारों से होते हुए मवई रोड तक लाई जा रही है और मास्टर रोड पार कर अमृता अस्पताल की ओर जाने वाले रास्ते को भी प्रभावित करेगी। इससे मवई रोड और गड्ढा कॉलोनी से निकलने वाले सभी रास्ते अवरुद्ध हो सकते हैं।
स्थानीय प्रतिनिधि ओमबीर सिंह जावला और प्रधान सतपाल ने कहा कि यदि दीवार का निर्माण हुआ तो दर्जनों कॉलोनियों और मवई गांव के लाखों लोगों का आवागमन बाधित हो जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में हाल ही में शुरू हुए इंटरलॉकिंग टाइल्स के कार्य पर भी इसका असर पड़ेगा।निवासियों ने यह भी चिंता जताई कि रास्ते बंद होने से स्कूली बच्चों को लंबा चक्कर लगाना पड़ेगा, जिससे उनकी पढ़ाई और अभिभावकों की दिनचर्या पर असर पड़ेगा। अनुमान के मुताबिक, इस समस्या से ढाई से तीन लाख लोग प्रभावित हो सकते हैं।
मंत्री चौधरी कृष्णपाल गुर्जर ने सभी पक्षों की बात ध्यानपूर्वक सुनने के बाद आश्वासन दिया कि कानून के दायरे में रहकर समाधान निकाला जाएगा, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इस मौके पर अनिल नागर के साथ ओमबीर सिंह जावला, सतपाल प्रधान, राजे चंदीला, राजेश कुमार दहिया, नरेंद्र जावला, योगराज भाटी, असमुद्दीन, अनुज शर्मा, टेकचंद, गुड्डू, विजय, विपिन राणा, आदेश जावला सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

