साइबर थाना सेंट्रल टीम की कार्रवाई
फरीदाबाद | निवेश पर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने कार्रवाई करते हुए खाता उपलब्ध करवाने वाले को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष जेसवाल वासी गांव गोहनीया जिला प्रयागराज उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। आरोपी को 18 जून 2026 को प्रयागराज उ.प्र. से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-15ए, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी थी कि उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर द्वारा व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में मौजूद लोगों द्वारा उसे निवेश करने पर अधिक लाभ कमाने का लालच दिया गया। झांसे में आकर उसने 10 मार्च से 17 मार्च 2026 के बीच ठगों द्वारा बताए गए बैंक खाते में कुल 1,60,000 रुपये निवेश के नाम पर ट्रांसफर कर दिए। कुछ समय बाद जब उसको अपने निवेश पर कोई लाभ नहीं मिला और न ही उसकी राशि वापस हुई, तब उसे अपने साथ साइबर ठगी होने का अहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी हर्ष ने मामले में प्रयुक्त बैंक खाते के खाताधारक विकाश मलिक का खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इस खाते में ठगी की 1,60,000 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। मामले में संबंधित खाताधारक विकाश मलिक को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी ने बी.एससी. (B.Sc.) की शिक्षा प्राप्त की हुई है तथा वर्तमान में बेरोजगार है।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

