परशुराम जयंती पर श्रद्धा, सेवा और सामाजिक एकता का संदेश
फरीदाबाद। सेक्टर-12 स्थित चैंबर बिल्डिंग कोर्ट परिसर में पंचमुखी हनुमान मंदिर प्रांगण में परशुराम जयंती के पावन अवसर पर भक्ति, श्रद्धा और सेवा का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक अवसर पर समाजसेवी एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. मोहन तिवारी ने विधिवत पूजा-अर्चना कर पंचमुखी हनुमान जी की प्रतिमा को श्रद्धापूर्वक साल (चादर) अर्पित की और भगवान से क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर प्रांगण में भक्तिमय वातावरण बना रहा। उपस्थित अधिवक्तागण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालुओं ने भी हनुमान जी के समक्ष नतमस्तक होकर आशीर्वाद लिया। सभी ने एक स्वर में धर्म, न्याय और समाज सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से कोर्ट परिसर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और आपसी सौहार्द को मजबूती मिलती है।
डॉ. मोहन तिवारी ने अपने संबोधन में भगवान परशुराम के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन सत्य, साहस और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक है। वहीं हनुमान जी की भक्ति, शक्ति और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि आज के समय में हमें इन आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है, ताकि समाज में न्याय, समानता और भाईचारे को और मजबूत किया जा सके। इस अवसर पर जरूरतमंदों के लिए प्रसाद वितरण भी किया गया, जिससे कार्यक्रम में सेवा भाव की भावना और भी प्रबल हुई। श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर समाज में भाईचारा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा। इस मौके पर एडवोकेट अनिल गुप्ता, अमित कुमार, केशव देव सिंह , दुर्गेश पंवार सहित और कई अन्य अधिवक्तागण मौजूद रहे।

