– फरीदाबाद में सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर एडीसी अंजलि श्रोत्रिया की समीक्षा बैठक
फरीदाबाद, 28 जुलाई। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रैफिक पुलिस, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, स्मार्ट सिटी लिमिटेड, नगर निगम तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा उपायों को मजबूत करना, दुर्घटनाओं की रोकथाम, राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाना तथा लंबित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करना रहा।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील स्थानों पर लगाए जा रहे मेटालिक शेड्स और सुरक्षा अवरोधकों की गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जहां कार्य प्रगति पर है, उसे शीघ्र पूरा किया जाए तथा गुणवत्ता से कोई समझौता न हो। उन्होंने कहा कि शेड्स तेज हवा, धूलभरी आंधी और अन्य मौसमीय परिस्थितियों में भी सुरक्षित रहने चाहिए।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कुछ स्थानों पर अतिरिक्त सेफ्टी बैरियर और मेटालिक शेड्स की आवश्यकता है। इस पर एडीसी ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने और सभी संवेदनशील स्थानों की संयुक्त समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क किनारे लगाए गए सुरक्षा उपकरणों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एडीसी ने एडवांस ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ATMS) और सीसीटीवी कैमरा नेटवर्क की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण कक्ष की स्थापना का कार्य प्रगति पर है तथा मथुरा रोड सहित प्रमुख मार्गों पर अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। एडीसी ने कैमरों की लोकेशन, सिग्नल कंट्रोल सेंटर और हाईवे मॉनिटरिंग व्यवस्था को शीघ्र संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य दुर्घटनाओं में कमी लाना और यातायात प्रवाह को सुचारु बनाना है।
एनएचएआई अधिकारियों ने फरीदाबाद-सिरसी-मंझावली रोड सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने अधूरी सुरक्षा ग्रिल, पोल और सेफ्टी बैरियर को मानक डिजाइन के अनुसार शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए तथा सड़क निर्माण के साथ उसकी गुणवत्ता, मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता पर भी जोर दिया।
बैठक में सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और व्यावसायिक गतिविधियों से उत्पन्न यातायात बाधाओं पर चर्चा हुई। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन और बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे और सड़क किनारे खड़े वाहन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं, इसलिए नियमित प्रवर्तन कार्रवाई जरूरी है।
सड़क सुरक्षा जागरूकता बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने गोल्डन ऑवर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि दुर्घटना पीड़ित की समय पर सहायता करने वाले नागरिकों को सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि दी जाती है। उन्होंने पुलिस विभाग और संबंधित एजेंसियों को सीपीआर, ब्लीडिंग कंट्रोल तथा प्राथमिक आपात प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक लोगों को जीवनरक्षक सहायता के लिए प्रशिक्षित किया जा सके।
बैठक में प्रमुख चौराहों और ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में विजुअल डिस्प्ले बोर्ड, चेतावनी संकेतक और जागरूकता संदेश लगाने पर सहमति बनी। एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने मथुरा रोड सहित दुर्घटना संभावित स्थानों पर स्पष्ट चेतावनी संकेत, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले और दिशा सूचक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।
स्मार्ट सिटी परियोजनाओं, सड़क मरम्मत और शिकायत निवारण प्रणाली की समीक्षा करते हुए एडीसी ने बार-बार मरम्मत वाले स्थलों का स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ‘म्हारी सड़क’ मोबाइल एप के माध्यम से प्राप्त शिकायतों और फोटो आधारित रिपोर्टों की नियमित समीक्षा कर संबंधित एजेंसियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सड़क सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े सभी कार्यों में विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर लंबित कार्य पूर्ण किए जाएं, संयुक्त निरीक्षण रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए तथा प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि फरीदाबाद में सुरक्षित, सुगम और आधुनिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान आरटीए सचिव मुनीश सहगल ने रोड सेफ्टी के बारे में समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने एसडीएम को बताया कि दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए रॉंग साइड गाड़ी चलाने वालों के चालान कर जुर्माना लगाया जा रहा है।
बैठक में फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज सहित सभी संबंधित विभाग के अधिकारीगण और रोड सेफ्टी से जुड़ें अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

