फरीदाबाद। फरीदाबाद एनआईटी-86 के पूर्व विधायक पंडित नीरज शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को पुलिस आयुक्त, उपायुक्त (डीसी), डीसीपी बल्लभगढ़ तथा नगर निगम आयुक्त से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नगर निगम फरीदाबाद में तैनात सुप्रिंटेंडिंग इंजीनियर (SE) ओमबीर सिंह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने अधिकारियों को बताया कि एक कथित ऑडियो के माध्यम से ओमबीर सिंह द्वारा एक पूर्व पार्षद के पति से बातचीत के दौरान बिहारी एवं प्रवासी समुदाय के प्रति कथित तौर पर अमर्यादित, अभद्र और अपमानजनक भाषा के प्रयोग का मामला सामने आया है। प्रतिनिधिमंडल का आरोप है कि जिम्मेदार सरकारी पद पर रहते हुए इस प्रकार की कथित टिप्पणी से समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है तथा क्षेत्र में सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है।
ज्ञापन में कहा गया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने, सेवा से बर्खास्त करने तथा आपराधिक मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच किसी वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी से निर्धारित समय-सीमा में कराई जाए, ताकि तथ्यों की निष्पक्ष जांच हो सके और दोष सिद्ध होने की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद दयाशंकर गिरी, मधुसूदन झा, भोजपुरी-अवधी समाज के प्रधान रघुवर दयाल, संयोजक आर.के. तिवारी, अरुण सिंह, रामरेखा यादव, राजकुमार यादव, ज्ञानेन्द्र यादव, रामअवतार, विपिन बिहार यादव तथा प्रभु झा सहित कई लोग मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने कहा कि मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं होने पर समाज लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीके से आगे की कार्रवाई करने के लिए मजबूर होगा।

