वीडियो बनाकर कार्रवाई करवाने तथा झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे, कर रहे थे अवैध वसूली

स्वयं को बताते थे समाजसेवी व पत्रकार, थाना मुजेसर की टीम ने की गिरफ्तारी

 

फरीदाबाद | थाना मुजेसर पुलिस टीम ने शराब ठेका संचालक से रंगदारी वसूलने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कॉलोनी निवासी रोहताश (50 वर्ष) के रूप में हुई है। जिनको 13 जून 2026 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ उपरांत दोनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-10 फरीदाबाद निवासी एक शराब ठेका संचालक ने 13 जून को थाना मुजेसर में शिकायत दी थी कि वह थाना क्षेत्र में स्थित एक शराब ठेके का संचालन करता है। शिकायतकर्ता के अनुसार रोहताश तथा उसकी पत्नी स्वयं को समाजसेवी व पत्रकार बताकर ठेका संचालक पर दबाव बनाते थे तथा ठेका चलाने के एवज में प्रतिमाह ₹10,000 की रंगदारी की मांग करते थे। इसके अतिरिक्त ठेके के आसपास रेहड़ी एवं खोखा संचालकों से भी प्रतिदिन ₹100 की अवैध वसूली की मांग की जाती थी।

शिकायत में बताया गया कि आरोपित दंपति रंगदारी न देने पर शराब ठेके की वीडियो बनाकर प्रशासनिक अधिकारियों को भेजने की धमकी देते थे। साथ ही महिला द्वारा झूठे छेड़छाड़ के मुकदमे में फंसाने तथा पुलिस शिकायत कराने की धमकी दी गई। आरोपितों द्वारा पिछले लगभग 8 से 9 महीनों से ₹7,000 प्रतिमाह के हिसाब से अवैध रूप से रंगदारी वसूली जा रही थी।

शिकायत प्राप्त होने पर थाना मुजेसर में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियोग पंजीकृत होने के तुरंत बाद ही आरोपित दंपति को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपित शराब ठेके के आसपास शराब पीने वाले व्यक्तियों तथा वहां होने वाली अन्य गतिविधियों की वीडियो रिकॉर्डिंग करते थे। बाद में इन वीडियो का इस्तेमाल कर ठेका संचालक पर दबाव बनाकर धन उगाही की जाती थी। आरोपी, वीडियो प्रशासन को भेजने तथा झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर लंबे समय से अवैध वसूली कर रहे थे।

पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसको तकनीकी एवं फॉरेंसिक जांच के लिए विशेषज्ञों के पास भेजा जाएगा, ताकि मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य एकत्रित किए जा सकें।

फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि स्वयं को सामाजिक कार्यकर्ता अथवा किसी अन्य प्रभावशाली पहचान का उपयोग कर अवैध वसूली, धमकी या ब्लैकमेलिंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आमजन से भी अपील की गई है कि यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार दबाव बनाकर धन की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)