प्रमुख समाजसेवी व उद्यमी वासदेव सलूजा का किया सम्मान, वरिष्ठ पत्रकारों ने सुनाए संस्मरण
फरीदाबाद । सिटी प्रेस क्लब (रजि.) फरीदाबाद ने शहर के प्रमुख बुजुर्ग गणमान्य नागरिकों के सम्मान की पहल की है। इस क्रम में क्लब के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रमुख समाजसेवी व उद्यमी वासदेव सलूजा का उनके सेक्टर-15 स्थित निवास पर पहुंचकर सम्मान किया। प्रधान बिजेंद्र बंसल, संरक्षक उत्तमराज, कार्यकारी प्रधान नवीन धमीजा, वरिष्ठ उपप्रधान पीएस माटा, महासचिव संजय कपूर और कोषाध्यक्ष मनोज मंडल ने सामूहिक रूप से श्री सलूजा को पगड़ी बांधकर, शॉल ओढ़ाकर और बुक्के देकर सम्मानित किया। सभी पत्रकारों ने श्री सलूजा को फूल मालाएं पहनाईं। इस मौके पर पंजाबी लैया बिरादरी के प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे। स्वर्गीय सत्या सलूजा निवास पर सभी आगंतुकों का श्री सलूजा के बड़े पुत्र व पंजाबी सभा के प्रधान संजीव सलूजा उर्फ गोल्डी सहित छोटे पुत्र व पंजाबी सभा के उपप्रधान पवन सलूजा ने स्वागत किया। इस मौके पर प्रधान बिजेंद्र बंसल ने कहा कि प्रेस क्लब की तरफ से फरीदाबाद के प्रमुख समाजसेवियों का उनके निवास पर जाकर सम्मान किया जाएगा। वासदेव सलूजा के सम्मान के साथ यह क्रम शुरू हो गया है। इससे उन बुजुर्गों के प्रति सम्मान भी होगा और उनके संस्मरण भी संग्रहीत हो सकेंगे। बिजेंद्र बंसल ने इस मौके पर कहा कि वासदेव सलूजा पक्ष में मुख्यमंत्री के बड़े भाई और दोस्त भी रहे तथा विपक्ष की भूमिका भी अदा की लेकिन हमेशा समाज हित में कार्य किया। उन्होंने बताया कि श्री सलूजा के प्रयासों से ही ओल्ड फरीदाबाद की नई अनाज व सब्जी मंडी को मंजूरी मिली। सेक्टर-16 में दशहरा मैदान और पंजाबी भवन की जगह सहित इसके निर्माण के लिए वासदेव सलूजा को हमेशा याद किया जाएगा। श्री सलूजा ने अपने संबंधों का फायदा कभी निजीहित में नहीं किया। वासदेव सलूजा ने सभी वरिष्ठ पत्रकारों सहित सिटी प्रेस क्लब का आभार जताया। इस दौरान क्लब के कार्यकारी प्रधान नवीन धमीजा, संरक्षक उत्तम राज सहित लैया बिरादरी व दशहरा कमेटी फरीदाबाद के प्रधान धर्म बरेजा,महासचिव राज मिगलानी, व्यापार मंडल ओल्ड फरीदाबाद मार्केट के प्रधान महेंद्र वर्मा, लैया बिरादरी के उपप्रधान पप्पू नागपाल,पंजाबी सभा के उपप्रधान अश्विनी सेठी, दशहरा कमेटी के उपप्रधान यश बब्बर, तिलक अरोड़ा, वाईआर खेड़ा, कविश सलूजा, श्रीमती अंजू सलूजा, श्रीमती भावना सलूजा सहित अन्य पदाधिकारियों ने अपने संस्मरण सुनाए। इन्होंने एक स्वर में कहा कि वासदेव सलूजा एक धाकड़ व निर्भीक पंजाबी नेता रहे हैं। श्री सलूजा के पुत्र और पंजाबी सभा के प्रधान संजीव सलूजा ने कहा कि वह अपने पिता की सामाजिक, राजनीतिक सोच को हमेशा समाज में जिंदा रखेंगे। उन्होंने कहा कि हमेशा समाज ने उनके परिवार को प्रतिष्ठा दी है। इस प्रतिष्ठा को वह आगे भी बनाए रखेंगे। वासदेव सलूजा ने भी सभी पत्रकारों को अपने पुत्र समान बताते हुए कहा कि आज जो पत्रकारों ने उन्हें सम्मान दिया है, इसके बाद अब उन्हें और किसी सम्मान की जरूरत नहीं है। लैया बिरादरी के प्रधान धर्म बरेजा ने कहा कि वासदेव सलूजा को पंजाबी गौरव सम्मान भी दिया जाना चाहिए।

