अशोक वाटिका उजाड़ने से लेकर लंका दहन तक के दृश्यों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
फरीदाबाद। श्री विजय रामलीला कमेटी, मार्केट नंबर-1, फरीदाबाद के भव्य ऐतिहासिक मंच पर शुक्रवार रात लंका दहन की लीला का शानदार मंचन किया गया। कलाकारों के दमदार अभिनय, प्रभावशाली संवादों और आकर्षक मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से माता सीता और रावण के बीच संवाद तथा हनुमान और रावण की तकरार ने खूब तालियां बटोरीं।
लीला का शुभारंभ उस दृश्य से हुआ, जब माता सीता की खोज में लंका पहुंचे हनुमान जी को लंका के द्वार पर लंकिनी नामक राक्षसी ने रोक लिया। हनुमान जी ने मुष्टिका प्रहार कर उसे परास्त किया और लंका में प्रवेश किया। इसके बाद अशोक वाटिका में माता सीता और रावण के बीच तीखे संवाद का मंचन किया गया। सीता की भूमिका में दीपांशी अरोड़ा और रावण की भूमिका में टेकचंद नागपाल ने अपने प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। पेड़ पर छिपकर बैठे हनुमान जी ने दोनों के बीच हुए संवाद को सुना।
अगले दृश्य में हनुमान जी ने अशोक वाटिका में फल खाए और वाटिका को उजाड़ दिया। इसके बाद उन्होंने रावण के पुत्र अक्षय कुमार का वध कर दिया। यह समाचार मिलने पर रावण ने मेघनाद को हनुमान जी को पकड़कर लाने का आदेश दिया। मेघनाद की भूमिका में लखन वर्मा ने शानदार अभिनय किया। मेघनाद ने हनुमान जी को ब्रह्मपाश में बांधकर रावण के दरबार में प्रस्तुत किया।
रावण के दरबार में हनुमान और रावण के बीच हुए तीखे संवादों ने मंच पर रोमांच पैदा कर दिया। हनुमान जी की भूमिका में कमेटी के मंच संचालक वैभव लड़ोइया एक बार फिर अपने चंचल, ओजस्वी और प्रभावशाली अभिनय से दर्शकों का दिल जीतते नजर आए। रावण के अहंकार और हनुमान जी के निर्भीक उत्तरों ने दर्शकों को खूब प्रभावित किया।
लीला के अंतिम चरण में रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई गई। इसके बाद हनुमान जी ने अपनी जलती पूंछ से सोने की लंका में आग लगा दी। लंका दहन के भव्य दृश्य के साथ पूरा मंच जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। इसके बाद हनुमान जी माता सीता से निशानी लेकर प्रभु श्रीराम के पास लौटने के लिए रवाना हुए।
कमेटी के मंच पर प्रस्तुत इस लीला ने दर्शकों को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंग से रूबरू कराया और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश दिया।
आज होगा रामसेतु निर्माण, रावण-अंगद संवाद रहेगा मुख्य आकर्षण
श्री विजय रामलीला कमेटी के मंच पर आज रामसेतु निर्माण की लीला का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही रावण और अंगद के बीच होने वाला ओजस्वी संवाद कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा। दर्शकों को एक बार फिर शानदार अभिनय, प्रभावशाली संवाद और भव्य मंचन देखने को मिलेगा।

