रेवाड़ी। नशे के खिलाफ जनजागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार को रेवाड़ी में ‘नशे से जंग, रेवाड़ी के संग’ थीम पर यूथ मैराथन का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हजारों युवाओं की भागीदारी यह साबित करती है कि रेवाड़ी ने नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि 5 किलोमीटर की ‘रन फॉर ऑल’ और 10 किलोमीटर की दौड़ में युवाओं का हर कदम नशे के खिलाफ एक मजबूत संदेश है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मैराथन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि जनजागरूकता का अभियान है, जिसकी गूंज पूरे हरियाणा में सुनाई देगी। सरकार ने नशे की समस्या को प्रदेश के परिवारों के दर्द और युवाओं के भविष्य से जोड़कर गंभीरता से लिया है। नशे के खिलाफ कार्रवाई, जागरूकता, उपचार और पुनर्वास—चारों स्तरों पर प्रभावी व्यवस्था तैयार की जा रही है।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है। इसके साथ ही हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की स्थापना भी की गई है। सरकार नशामुक्त हरियाणा के संकल्प के साथ एक्शन प्लान-2029 पर मजबूती से काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें नशे से दूर रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने मैराथन में शामिल युवाओं और आमजन से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जानकारी साझा की थी। उन्होंने बताया था कि चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में अभियान के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।

