फरीदाबाद, 15 मई 2026। हरियाणा सरकार के “नशा मुक्त प्रदेश” संकल्प को साकार करने की दिशा में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद यूनिट ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए जिला नूंह के गांव घासेड़ा से एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 37 बोतल प्रतिबंधित कोडीन सिरप तथा 696 नशीले कैप्सूल एवं गोलियां बरामद की गई हैं। इस संबंध में थाना सदर नूंह में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत व्यावसायिक मात्रा (कॉमर्शियल क्वांटिटी) का मामला दर्ज किया गया है।
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADGP) श्री संजय कुमार, आईपीएस के सख्त निर्देशों तथा ब्यूरो के पुलिस अधीक्षक श्री मोहित हांडा, आईपीएस के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। एडीजीपी संजय कुमार ने स्पष्ट कहा कि “नशे की जड़ों को खत्म करना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरती जाएगी।”
इस संबंध में जानकारी देते हुए हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, यूनिट फरीदाबाद के प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि यूनिट में तैनात सहायक उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव घासेड़ा निवासी सहनाज खान पुत्र अहमद अपने घर से अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री करता है और उसके पास बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित दवाएं मौजूद हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने साइबर सेल मधुबन की सहायता से त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर पर छापेमारी की। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में की गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 37 बोतल कोडीन सिरप तथा 696 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल, जिनका कुल वजन 374.97 ग्राम है, बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहनाज खान पुत्र अहमद निवासी घंग मोहल्ला, गांव घासेड़ा, जिला नूंह के रूप में हुई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि उससे पूछताछ कर उसके नशा तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य अपराधियों तक पहुंचा जा सके।
हरियाणा एनसीबी ने आम जनता से नशे के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी को नशा तस्करी या अवैध बिक्री से संबंधित कोई सूचना मिलती है तो वह तुरंत NCB राष्ट्रीय हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN अथवा हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

