– एडीसी अंजलि श्रोत्रिया और डीसीपी एनआईटी उत्तम ने परीक्षा केंद्रों का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
फरीदाबाद, 21 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार को आयोजित नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा-2026 के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय रहा। इसी क्रम में अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) अंजलि श्रोत्रिया तथा डीसीपी एनआईटी उत्तम ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को शांत, सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे बिना किसी तनाव एवं व्यवधान के परीक्षा में शामिल हो सकें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पवित्रता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया तथा डीसीपी एनआईटी उत्तम ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का क्रमवार दौरा कर परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों, पर्यवेक्षकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों से संवाद कर परीक्षा प्रक्रिया, सुरक्षा प्रबंधों एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर स्थापित जैमर की कार्यशीलता, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पंखों एवं अन्य उपकरणों की स्थिति, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, शौचालयों की साफ-सफाई तथा समग्र स्वच्छता व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा मानकों और परीक्षा से संबंधित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

