फरीदाबाद, 4 जुलाई। हरियाणा महिला स्वर्णकार संगठन ने प्रदेश एवं जिला स्तर की नई कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए विभिन्न पदों पर समाज की सक्रिय एवं प्रतिष्ठित महिलाओं को जिम्मेदारियां सौंपी हैं। संगठन ने महिला नेतृत्व को मजबूत बनाने और सामाजिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
संगठन की प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हरियाणा सरकार में अनेक उच्च प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे चुकीं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी श्रीमती सुनीता वर्मा को नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रदेश महासचिव का दायित्व उच्चतम न्यायालय की अधिवक्ता सपना वर्मा को सौंपा गया है।
फरीदाबाद जिला इकाई में डॉ. अनिता सोनी को जिला अध्यक्ष, श्रीमती कविता सोनी को जिला उपाध्यक्ष तथा इंदिरा वर्मा को जिला महासचिव बनाया गया है। इसके अलावा प्रीति वर्मा, मधु वर्मा, कविता वर्मा (उपाध्यक्ष), जुही वर्मा (सचिव), कविता वर्मा (एडवोकेट), करषका कपिल (उपाध्यक्ष), नीलम वर्मा और रितु वर्मा को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है।
संगठन के वरिष्ठ सदस्यों एवं समाज के गणमान्य व्यक्तियों ने सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए विश्वास जताया कि नवनियुक्त पदाधिकारी स्वर्णकार समाज की महिलाओं के सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक उत्थान के लिए प्रभावी कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि इनके नेतृत्व में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी तथा नई पीढ़ी को समाज सेवा और नेतृत्व के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर समाज के लोगों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
संगठन ने बताया कि 14 अगस्त को सेक्टर-15 कम्युनिटी सेंटर, फरीदाबाद में महिला सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेशभर से स्वर्णकार समाज की सक्रिय महिलाओं को आमंत्रित किया जाएगा। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण पर विशेष फोकस रहेगा तथा बड़ी संख्या में महिलाओं की गरिमामयी उपस्थिति की संभावना है।

