– अतिरिक्त आयुक्त गौरव आंतिल ने नागरिकों से संवाद कर लिया एसआईआर अभियान का फीडबैक, प्रक्रिया की दी विस्तृत जानकारी
फरीदाबाद, 27 जून।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 अभियान के तहत उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा के निर्देशन में वरिष्ठ अधिकारी लगातार फील्ड में पहुंचकर अभियान की प्रगति की निगरानी एवं समीक्षा कर रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को नगर निगम फरीदाबाद के अतिरिक्त आयुक्त गौरव आंतिल व अन्य अधिकारियों ने अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की समीक्षा की।
अतिरिक्त आयुक्त गौरव आंतिल ने वार्ड-08 स्थित अग्रवाल स्कूल, संजय एन्क्लेव, सेक्टर- 11डी एवं पर्वतिया कॉलोनी में चल रहे एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संग्रहण, मतदाता जागरूकता गतिविधियों तथा कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर एसआईआर अभियान के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया तथा मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों एवं समयबद्ध रूप से प्रपत्र जमा कराने की जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा बीएलओ को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया।
वहीं एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद ने अपने क्षेत्र के मतदान केंद्रों में बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरण एवं संग्रहण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा एसआईआर अभियान के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने तथा समय पर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने की अपील की।
इसी प्रकार एसडीएम फरीदाबाद डॉ. हनी बंसल ने संबंधित क्षेत्र विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों का समीक्षा संवाद स्थापित किया, अभियान के संबंध में उनका फीडबैक प्राप्त किया तथा एसआईआर प्रक्रिया, गणना प्रपत्र, आवश्यक दस्तावेज एवं समयबद्ध सत्यापन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया।
अधिकारियों ने संबंधित बीएलओ एवं निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समयबद्ध तरीके से गणना प्रपत्र पहुंचाना, भरे हुए प्रपत्रों का सावधानीपूर्वक संग्रहण तथा आवश्यक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के प्रत्येक चरण की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र प्रविष्टि मतदाता सूची में बनी न रहे।
अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं गंभीरता के साथ संचालित किया जा रहा है। अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट के निर्देश दिए गए हैं, जिससे जमीनी स्तर पर कार्यों की सतत समीक्षा हो सके और जिले की मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं विश्वसनीय बनाया जा सके।

