हर रविवार खुला दरबार में पहुंचे खिलाड़ी, कोच एवं परिजन
फरीदाबाद। नेपाल और रुद्रपुर में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ियों मयंक और विश्वजीत ने अपने कोच एवं परिजनों के साथ हरियाणा सरकार में मंत्री राजेश नागर के निवास पर पहुंचकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। वह यहां हर रविवार आयोजित होने वाले खुले दरबार में पहुंचे थे।
इस अवसर पर मंत्री राजेश नागर ने दोनों खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि यह सफलता केवल खिलाड़ियों और उनके परिवारों की ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।
मंत्री राजेश नागर ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का प्रतिनिधित्व करने और पदक जीतने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के बल पर खिलाड़ी विश्व स्तर पर भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकते हैं।
इस दौरान मंत्री ने हरियाणा सरकार की खेल नीति की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन प्रदान कर रही है। इसी का परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं तथा देश और प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
बता दें कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मयंक ने 100 मीटर दौड़ में रजत पदक तथा विश्वजीत ने 200 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। दोनों खिलाड़ियों के कोच रामकिशन पीटीआई एवं परिजनों ने मंत्री राजेश नागर का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पहुंचे अन्य लोगों की समस्याओं का भी मौके पर समाधान किया और अन्य अनेक लोगों की शुभकामनाएं एवं बधाइयां भी स्वीकार की।
मंत्री राजेश नागर ने समर्थकों के साथ सुनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात :
मंत्री राजेश नागर ने बड़ी संख्या में यहां पहुंचे लोगों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की आवाज कार्यक्रम का भी लाइव प्रसारण देखा। जिसके बाद नागर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी को कार पुलिंग का संदेश देश के आर्थिक विकास में सहयोग, वैश्विक परिस्थितियों में कार ईंधन की बचत और आपसी समन्वय का मंत्र दिया है। वहीं महज 20 रूपए वार्षिक प्रीमियम पर दो लाख रूपए तक का दुर्घटना बीमा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। जिसमें अब तक 58 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं और 3700 करोड़ रूपए से ज्यादा की सहायता राशि दी जा चुकी है। वहीं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत दुखद मृत्यु की स्थिति में परिजन को दो लाख रूपए तक की सहायता मिलती है। इसके लिए सालाना सिर्फ 436 रूपए का प्रीमियम देना होता है। इस योजना में अब तक 27 करोड़ से अधिक लोग जुड़ चुके हैं और लगभग 11 लाख परिवारों को लगभग 22 हजार करोड़ रूपए की सहायता दी जा चुकी है।
नागर ने कहा कि पीएम मोदी ने लोगों से अपील की है कि वे इन स्कीमों के बारे में अपने परिवारों के साथ चर्चा करें।

