विश्व पर्यावरण दिवस पर विपुल गोयल की बड़ी घोषणाएं, 15 दिन में बनेंगे 45 नए ईको वन
ग्रीन बेल्ट को बनाया जाएगा ऑक्सीजन कॉरिडोर, विकास और पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी नई गति
फरीदाबाद, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सेक्टर-7 और सेक्टर-14 में आयोजित कार्यक्रमों में हरियाणा के राजस्व एवं शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया “एक पेड़ मां के नाम” अभियान प्रकृति और संस्कृति के बीच मजबूत संबंध स्थापित करने वाला प्रेरणादायी अभियान है। उन्होंने नागरिकों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “विकास भी और विरासत भी” के विजन तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार हरित भविष्य, स्वच्छ पर्यावरण और सतत विकास के लक्ष्य को लेकर लगातार कार्य कर रही है।
15 दिन में 45 नए ईको वन विकसित होंगे
विपुल गोयल ने घोषणा करते हुए कहा कि फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में आगामी 15 दिनों के भीतर 45 नए ईको वन विकसित किए जाएंगे। सेक्टर-7, 8, 9, 10, 11 और 14 सहित विभिन्न क्षेत्रों में नए ईको वन स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पहले से विकसित 15 ईको वन सफलतापूर्वक संचालित हो रहे हैं और भविष्य में इनकी संख्या 100 से अधिक करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि ईको वन प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण, तापमान संतुलन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे पक्षियों के प्राकृतिक आवास विकसित होंगे और शहरी क्षेत्रों में पर्यावरणीय संतुलन मजबूत होगा।
सेक्टर-4 से सेक्टर-7 तक बनेगा ऑक्सीजन कॉरिडोर
मंत्री ने बताया कि सेक्टर-4 से सेक्टर-7 तक फैली ग्रीन बेल्ट को विकसित कर एक विशाल ऑक्सीजन कॉरिडोर के रूप में तैयार किया जाएगा। यह परियोजना शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने के साथ-साथ वायु प्रदूषण नियंत्रण में भी अहम भूमिका निभाएगी।
उन्होंने उद्योगपतियों, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, युवाओं और आम नागरिकों से ईको वन अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही ऐसे अभियान स्थायी और सफल बनते हैं।
वेस्ट मैनेजमेंट पार्क का उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान वेस्ट मैनेजमेंट पार्क का उद्घाटन भी किया गया। विपुल गोयल ने कहा कि वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण एक-दूसरे के पूरक हैं। ऐसे प्रयास “स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत” के संकल्प को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण के प्रति जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। बच्चों और युवाओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना दीर्घकालिक समाधान है।
विकास परियोजनाओं को भी मिली मंजूरी
विपुल गोयल ने बताया कि सेक्टर-14 सामुदायिक केंद्र के पुनर्निर्माण के लिए लगभग 9 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की जा चुकी है। इसके अलावा सेक्टर-14 मार्केट के सौंदर्यीकरण और उन्नयन पर 2.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सेंट्रल पार्क में एस्ट्रोटर्फ, ओपन जिम और अन्य आधुनिक सुविधाओं को भी मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार शहर में जलभराव की समस्या में लगभग 90 प्रतिशत तक सुधार देखने को मिलेगा। जहां कहीं भी समस्या शेष रहेगी, उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
महिलाओं की भूमिका की सराहना
मंत्री ने सेक्टर-14 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की नवगठित टीम और महिला पदाधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को नेतृत्व का अवसर मिलने पर वे समर्पण, संवेदनशीलता और दक्षता के साथ उत्कृष्ट परिणाम देती हैं।
उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है” केवल नारा नहीं बल्कि जीवन का आधार है। पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, स्वच्छता, ऊर्जा बचत और अधिकाधिक वृक्षारोपण को जीवनशैली का हिस्सा बनाकर ही फरीदाबाद को स्वच्छ, हरित और पर्यावरण-अनुकूल शहर बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम में सचिन शर्मा, मुकेश अग्रवाल, शैफाली सिंघला, करण सिंघल, ज्योति शैलानी, कुलदीप साहनी, जसवंत सैनी, प्रियंका बिष्ट बुधानी, अजीत नंबरदार, रूमा नंबरदार, विष्णु गुप्ता, बासुदेव अरोड़ा, वजीर सिंह डागर सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी, उद्योगपति, जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

