– ड्रग-फ्री हरियाणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी हाफ मैराथन
– डीसी ने अधिक से अधिक नागरिकों से मैराथन में भाग लेने का किया आह्वान
फरीदाबाद, 19 सितंबर। उपायुक्त (डीसीए) आयुष सिन्हा ने बताया कि 27 सितंबर को सूरजकुंड में आयोजित होने वाली फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 को लेकर जिलेवासियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मैराथन के लिए अब तक 1,27,030 से अधिक प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में प्रतिभागियों का जुड़ना इस आयोजन को केवल एक खेल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखता, बल्कि यह स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का अवसर भी है।
डीसी आयुष सिन्हा ने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का मुख्य संदेश “ड्रग-फ्री हरियाणा” है। मैराथन के माध्यम से युवाओं एवं आमजन को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रतिभागी इस अभियान का संदेशवाहक है और मैराथन में भागीदारी नशामुक्त हरियाणा के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगी।
उपायुक्त ने बताया कि फरीदाबाद हाफ मैराथन में 5 किलोमीटर, 10 किलोमीटर तथा 21 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियां निर्धारित की गई हैं, जिनमें अलग-अलग आयु वर्ग और पृष्ठभूमि के नागरिक भाग ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक संगठनों, खेल संस्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के साथ समन्वय स्थापित कर तैयारियां की जा रही हैं।
डीसी ने जिलेवासियों से आह्वान किया कि वे इस आयोजन से अधिक से अधिक संख्या में जुड़ें और अपने परिवार, मित्रों तथा युवाओं को भी स्वस्थ जीवनशैली एवं नशामुक्त समाज के इस अभियान का हिस्सा बनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता को एक साथ जोड़ते हुए “ड्रग-फ्री हरियाणा” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।

