फरीदाबाद- हरियाणा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित की जाने वाली एचसीएस(Ex. Br.) एवं अन्य संबद्ध सेवाएं (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु फरीदाबाद पुलिस पूरी तरह से सतर्क एवं सक्रिय है। यह परीक्षा 26 अप्रैल 2026 को जिला फरीदाबाद के लगभग 80 परीक्षा केंद्रों (कॉलेज/स्कूल) पर दो सत्रों में आयोजित की जाएगी।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़, प्रतीक अग्रवाल (IPS) द्वारा 25 अप्रैल को बल्लभगढ़ जोन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेक्टर-8 स्थित परीक्षा केंद्र, YMCA कॉलेज, डीसी मॉडल पब्लिक स्कूल, ऊंचा गांव पब्लिक स्कूल सहित अन्य केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं ड्यूटी प्रबंधन का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित थाना प्रभारियों (SHO), ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं स्कूल प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस उपायुक्त द्वारा सभी अधिकारियों को परीक्षा के सुचारू एवं निष्पक्ष संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिये कि सभी थाना प्रबंधक परीक्षा के दौरान अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गस्त करेंगे तथा कानून व्यवस्था बना रखेंगे व यातायात संचालन की दुरुस्त व्यवस्था रखेंगे।

