रेवाड़ी, 28 जुलाई | अधिवक्ता नितेश अग्रवाल ने अपने जन्मदिन को समाज और पर्यावरण के प्रति समर्पित करते हुए जिला न्यायालय परिसर के बाहर पार्किंग क्षेत्र में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, रेवाड़ी के सहयोग से पौधारोपण किया। इस अवसर पर लगाए गए पौधे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उसके चारों ओर ट्री गार्ड भी लगाया गया, ताकि पशुओं से पौधे की रक्षा हो सके और वह सुरक्षित रूप से विकसित हो सके।
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल ने कहा कि जन्मदिन केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का भी दिन होना चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जन्मदिन पर कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पौधा लगाना जितना महत्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक उसकी सुरक्षा और नियमित देखभाल है। इसी उद्देश्य से पौधे के साथ ट्री गार्ड भी लगाया गया, ताकि वह लंबे समय तक सुरक्षित रह सके।
पौधारोपण में उपस्थित अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत संयोजक डा0 आर बी यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया और अधिक से अधिक लोगों से अपने विशेष अवसरों को सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की अपील की। इस अवसर पर सभी ने हरित, स्वच्छ और स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प भी लिया। उन्होने कहा कि वे जल्द ही अधिवक्ताओं के साथ मिलकर प्लांटेशन का कार्य शुरू करेंगे और एक मुहिम चलाऐंगे कि प्रत्येक व्यक्ति एक-एक पेड़ गोद लेकर उसकी देखभाल का जिम्मा अवश्य ले। इस अवसर पर विपिन्न धींगड़ा, प्रियंका अग्रवाल, बार के पूर्व प्रधान सौरभ राव, एडवोकेट नरवीर खोला खलियावास, एडवोकेट मोनिका यादव, एडवोकेट सोनू यादव व सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

