गुरुग्राम, 01 अगस्त। विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) गुरुग्राम की जिला बैठक शनिवार को शक्ति मंदिर, सेक्टर-23 स्थित विहिप कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के प्रांत, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में आगामी तीन माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा, संगठन विस्तार, सेवा गतिविधियों तथा हाल ही में घोषित नए दायित्वों पर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक की अध्यक्षता विभाग अध्यक्ष श्री ईश्वर जी ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री श्री प्रवीण हिंदुस्तानी जी ने किया। बैठक का उद्देश्य गत माह करनाल में आयोजित विश्व हिन्दू परिषद हरियाणा प्रांत बैठक में लिए गए निर्णयों एवं विचार बिंदुओं को जिला एवं प्रखंड स्तर तक पहुंचाना तथा आगामी कार्ययोजना को अंतिम रूप देना था।

इस अवसर पर प्रांत धर्माचार्य प्रमुख श्री गोपाल जी ने मंदिरों को पूर्णतः पॉलिथीन मुक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूजा सामग्री पॉलिथीन में मंदिर परिसर के अंदर न लाएं तथा दूध एवं अन्य पूजन सामग्री अपने पात्र में लेकर आएं, ताकि मंदिर परिसर स्वच्छ, पवित्र और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सके।

बैठक में आगामी तीन माह के कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें तीज उत्सव, श्रद्धेय अशोक सिंघल जी की जन्मशती वर्ष के आयोजन, विश्व हिन्दू परिषद स्थापना दिवस तथा नवंबर में प्रस्तावित हिन्दू चेतना–हिन्दू चिंतक अभियान प्रमुख रहे। साथ ही प्रत्येक प्रखंड एवं क्षेत्र में नियमित सत्संग आयोजित कर संगठन, संस्कार और हिन्दू एकता को मजबूत करने का निर्णय लिया गया।

जिला अध्यक्ष श्री सुरेंद्र तवर जी ने संगठन विस्तार, सेवा गतिविधियों और आगामी कार्ययोजनाओं पर अपने विचार रखते हुए सभी कार्यकर्ताओं से समर्पण, अनुशासन एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं नवनियुक्त जिला सह मंत्री अधिवक्ता श्री नवीन जी ने विधि आयाम से जुड़े विषयों एवं विभिन्न कानूनी पहलुओं पर कार्यकर्ताओं को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।

बैठक के दौरान गुरुग्राम विभाग के विभाग संगठन मंत्री श्री सुल्तान जी का स्वागत किया गया। साथ ही संगठन के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से हाल ही में घोषित नवीन दायित्वों पर भी सभी पदाधिकारियों को बधाई दी गई।

नवीन दायित्वों के अंतर्गत श्रीमती अमिता पाठक को विभाग संयोजिका (दुर्गा वाहिनी), श्री बी.एन. लाल (विद्यानंद लाल) को विशेष संपर्क प्रमुख, अधिवक्ता श्री नवीन जी को जिला सह मंत्री, श्री निकित सनातनी को जिला सह प्रचार-प्रसार प्रमुख, श्रीमती सुनीता देवी को जिला सह संयोजिका (मातृशक्ति), श्री हर्ष बजरंगी जी को जिला सह संयोजक (बजरंग दल) तथा श्री शैलेंद्र जी को जिला सह प्रमुख (सामाजिक समरसता) का दायित्व सौंपा गया। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का परिचय कराया गया और उपस्थित कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वे संगठन को नई ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़ाएंगे।

बैठक में प्रमुख रूप से श्री ईश्वर जी, श्री सुरेंद्र तवर जी, श्री प्रवीण हिंदुस्तानी जी, श्री गोपाल जी, श्री बी.एन. लाल जी, श्री निकित सनातनी, श्री शैलेंद्र जी, श्री विकास जी, अधिवक्ता श्री नवीन जी, श्रीमती अमिता पाठक जी, श्रीमती रेखा जी, श्रीमती विनोद बहन जी, श्रीमती सुनीता देवी, श्री हर्ष बजरंगी जी सहित गुरुग्राम जिले के प्रांत, जिला एवं प्रखंड स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)