पलवल, मई | श्री वैश्य अग्रवाल सभा, पलवल के प्रतिनिधिमंडल ने महाराजा अग्रसेन सेवा सदन (ओमेक्स सिटी, पलवल) के दूसरे चरण का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर हरियाणा सरकार में खेल, कानून एवं युवा मामलों के मंत्री और पलवल के विधायक श्री गौरव गौतम से उनके निवास पर भेंट की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व सभा के अध्यक्ष श्री ओम प्रकाश गुप्ता ने किया।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने नव-निर्मित, अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एवं वातानुकूलित भवन के उद्घाटन हेतु मंत्री से समय का अनुरोध किया। साथ ही, भवन निर्माण में प्राप्त सरकारी अनुदान के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सभा के महासचिव श्री शैलेन्द्र सिंगला ने किया।
मुलाकात के दौरान मास्टर धनश्याम सिंगला, कंवर लाल गुप्ता, चन्द्र प्रकाश गोयल, महेंद्र गर्ग शास्त्री, दिनेश अग्रवाल और गुलशन गोयल सहित वैश्य अग्रवाल समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
खेल मंत्री गौरव गौतम ने सभा द्वारा निर्मित भव्य और सुंदर भवन की सराहना करते हुए कहा कि अग्रवाल समाज को इस कार्य का और विस्तार करना चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भवन निर्माण के लिए आवश्यक धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी और हरियाणा सरकार से आवश्यकतानुसार अनुदान उपलब्ध कराने का पूरा प्रयास किया जाएगा।
मंत्री ने महाराजा अग्रसेन जी के समाजवाद के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका “एक रुपया, एक ईंट” का सिद्धांत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है, जिसने सामाजिक एकता और सहयोग की मजबूत नींव रखी है।

