मुख्यमंत्री बोले- प्रधानमंत्री के कार्यों का मुकाबला करने के लिए कांग्रेस के पास न नीति, न मुद्दा और न ही ठोस एजेंडा

 

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बदनाम करने की स्क्रिप्ट लेकर घूम रही है, लेकिन वह उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा, तपस्या, सुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण को झुठला नहीं सकती। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिना रुके और बिना थके देश तथा देशवासियों की सेवा की है, जिसका सकारात्मक प्रभाव आज जनता स्वयं अनुभव कर रही है।

मुख्यमंत्री पंचकूला में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों का मुकाबला करने के लिए न कोई नीति है, न मुद्दा और न ही ठोस एजेंडा। यही कारण है कि कांग्रेस नेता बाहर से लिखी गई स्क्रिप्ट के आधार पर प्रधानमंत्री को बदनाम करने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की निरंतर सेवा, त्याग और तपस्या की साक्षी है।

गरीब कल्याण को सरकार की नीतियों के केंद्र में रखा

नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस ने करीब 55 वर्षों तक देश पर शासन किया, लेकिन आज भी यह नहीं बता सकती कि उसके शासनकाल में कितने लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया। इसके विपरीत, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण के लिए लागू योजनाओं और नीतियों के परिणामस्वरूप लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में गरीब और गरीब होता गया। कांग्रेस के पास गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों के आंकड़े तो थे, लेकिन गरीबी से बाहर निकालने का कोई स्पष्ट हिसाब नहीं था। प्रधानमंत्री मोदी ने गरीब के सम्मान और जीवन स्तर में सुधार को अपनी सरकार की नीतियों के केंद्र में रखा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध करवाना इसी सोच का हिस्सा है। हरियाणा में गरीब परिवारों को करीब 1.60 लाख मकान बनाकर दिए गए हैं। यह केवल मकान देने की योजना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

शौचालयों को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रही कांग्रेस को गरीब माताओं, बहनों और बेटियों की समस्याएं दिखाई नहीं दीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में करीब 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण करवाकर महिलाओं को ‘इज्जत घर’ देने का काम किया।

उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से शौचालय निर्माण का संकल्प लिया था, तब कांग्रेस ने उसका भी मजाक उड़ाया। कांग्रेस यह नहीं समझ पाई कि वह प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि उन गरीब महिलाओं के सम्मान का मजाक बना रही थी, जिन्हें अपने घर में शौचालय की सुविधा तक उपलब्ध नहीं थी।

सैनी ने कोरोना महामारी के दौरान वैक्सीन को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने स्वयं वैक्सीन लगवाई, लेकिन आम लोगों में भ्रम पैदा करने का प्रयास किया।

युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए : सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कांग्रेस युवा हितों की बात करती है, लेकिन उसे यह बताना चाहिए कि जब देश का युवा अवसरों की मांग कर रहा था, तब कांग्रेस की सरकारों ने उसके लिए क्या किया। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों ने युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नए अवसर और आत्मविश्वास देने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की राह दिखाई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, आज हरियाणा में 12,500 से अधिक स्टार्टअप काम कर रहे हैं और 19 यूनिकॉर्न उभर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़कों और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के बावजूद यह कहना कि केंद्र सरकार ने कुछ नहीं किया, कांग्रेस की राजनीति के विरोधाभास को दर्शाता है।

अपशब्दों से नहीं मिलेगा जनता का विश्वास

नायब सिंह सैनी ने कहा कि मुद्दों से खाली कांग्रेस के पास अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपशब्द कहने के अलावा कुछ नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना उस गरीब का अपमान है, जिसे पक्का घर मिला है, उस महिला का अपमान है, जिसे सम्मान मिला है और उस युवा का अपमान है, जिसे आगे बढ़ने के नए अवसर मिले हैं।

उन्होंने कांग्रेस को आत्ममंथन की सलाह देते हुए कहा कि दूसरों पर उंगली उठाने से पहले उसे अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी को कोसने और अपशब्द कहने से कांग्रेस को जनता का विश्वास हासिल नहीं होगा। जनता देख रही है कि कौन काम कर रहा है और कौन केवल विरोध की राजनीति कर रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका होती है और सरकार का विरोध करना उसका अधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा भी लंबे समय तक विपक्ष में रही है और उस समय जनता की आवाज मजबूती से उठाई गई। लेकिन आज कांग्रेस के पास न मुद्दा है, न नीति और न ही कोई ठोस एजेंडा।

पंजाब में नशामुक्ति के दावों पर भी सवाल

पंजाब में नशे की समस्या से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्ता में आने से पहले वहां की सरकार ने प्रदेश को नशामुक्त करने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज नशे के खिलाफ उसकी लड़ाई की हकीकत जनता के सामने है।

उन्होंने कहा कि नशे से परेशान एक पिता द्वारा पंजाब के मंत्री के सामने गुहार लगाने और कथित तौर पर उचित मदद न मिलने का मामला बेहद दुखद है। सैनी ने कहा कि राजनीति में केवल वादे करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता को धरातल पर उसका परिणाम भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता अब वादों और जमीनी हकीकत के बीच का अंतर अच्छी तरह समझ चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📞 Phone: +91 9891990785                                    

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)