फरीदाबाद, 25 जून। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व सदस्य एवं संगठन महासचिव अशोक रावल ने प्रदेश में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए मतदाताओं से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक समय रहते अपने दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक प्रपत्र भरें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे।
अशोक रावल ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि वर्ष 2002 की मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों पर उपलब्ध कराई जाए, जिससे मतदाताओं को अपने परिवार के नाम एवं विवरण खोजने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं की सहायता करें और उन्हें एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जागरूक बनाएं। रावल स्वयं तिगांव विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर पहुंचकर लोगों की मदद कर रहे हैं।
रावल ने कहा कि लोगों को घबराने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि एसआईआर के प्रपत्र पूरी सावधानी और सही जानकारी के साथ भरने चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आवेदन पत्र में कोई त्रुटि रह जाती है तो संबंधित मतदाता का नाम मतदाता सूची से बाहर हो सकता है।
उन्होंने बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) से भी निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। रावल ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और पारदर्शी होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा इसमें सभी की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

