गांधी कालोनी और एसजीएम नगर के पार्कों के सौंदर्यकरण और मरम्मत कार्यों के लिए संबंधित विभागों को कल तक एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश — धीरेंद्र खड़गटा, निगमायुक्त

शिविर में आने वाली समस्याओं की हर हफ्ते होगी समीक्षा

 

फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से साप्ताहिक “जनसुनवाई शिविर” का आयोजन किया गया। यह शिविर अब प्रत्येक सोमवार को प्रातः 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नगर निगम मुख्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल, कमरा नंबर 100 में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिक अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रख सकेंगे।

इस जनसुनवाई शिविर में प्रवीण बत्रा जोशी (महापौर) और धीरेंद्र खड़गटा (नगर निगम आयुक्त) स्वयं उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान की प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे।
शिविर की विशेष व्यवस्था यह की गई है कि नगर निगम के सभी संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस बैठक से जुड़े रहेंगे। इससे जहां एक ओर शिकायतों पर तुरंत संज्ञान लिया जा सकेगा, वहीं दूसरी ओर कार्यालयों के नियमित कार्य में भी किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।

आज आयोजित जनसुनवाई शिविर में विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों से आई अनेक समस्याओं को विस्तार से सुना गया। इनमें गांव साहुपुरा, वार्ड-45 की कॉलोनी में गंदे पानी के भराव की समस्या प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा वार्ड-18 से सीवर लाइन में लीकेज, वार्ड-12 के पार्क में लाइटिंग व्यवस्था की कमी और पार्क के सौंदर्यकरण से संबंधित शिकायतें भी सामने आईं। इसी प्रकार एसजीएम नगर स्थित बौद्ध पार्क के सौंदर्यकरण, वार्ड-17 के विभिन्न पार्कों में सफाई व रखरखाव की व्यवस्था को दुरुस्त करने, सेक्टर 15 ए में गौवंश का सड़कों पर घूमना सहित कुल 38 अन्य स्थानीय समस्याओं को भी नागरिकों द्वारा समाधान शिविर में रखा गया।

महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने जनसुनवाई शिविर में आने वाले नागरिकों को तसल्लीपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं और आश्वासन दिया कि नगर निगम प्रशासन नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य यह है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिल सके।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने प्राप्त शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुछ पार्कों के सौंदर्यकरण और मरम्मत कार्यों के लिए संबंधित विभागों को अगले दिन तक एस्टीमेट तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन शिकायतों का समाधान तुरंत संभव है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए और जिन मामलों में समय लगेगा, उनकी प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत की जाए।

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शिविर के माध्यम से नागरिकों और प्रशासन के बीच संवाद को मजबूत किया जा रहा है, जिससे शहर की समस्याओं का समाधान तेजी से हो सकेगा और नगर निगम की सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

इस अवसर पर पार्षद जसवंत सैनी, पार्षद प्रदीप टोंगर,पार्षद मनोज नास्वा, पार्षद कुलदीप सहानी, पार्षद प्रियंका बिष्ट सहित नगर निगम के कई अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)