चंडीगढ़, 13 जून। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा राजनीतिक प्रहार करते हुए दावा किया कि राज्य में सत्ता परिवर्तन की शुरुआत हो चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी पंजाब में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद पंजाब को नशामुक्त और विकासोन्मुखी राज्य बनाया जाएगा।
शनिवार को पंजाब के अबोहर में आयोजित विशाल ‘ओबीसी महासम्मेलन’ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हाल ही में हुए अबोहर नगर निगम चुनावों में भाजपा की शानदार जीत प्रदेश की जनता के बदलते जनमत का संकेत है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और अगले विधानसभा चुनाव में जनता उसे सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की वीरभूमि को नमन करते हुए किसानों, व्यापारियों, युवाओं और मातृशक्ति के योगदान की सराहना की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध-नशों के विरुद्ध’ अभियान को विफल बताते हुए आरोप लगाया कि सरकार केवल प्रचार और विज्ञापनों तक सीमित होकर रह गई है, जबकि नशे की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रति माह एक हजार रुपये देने का वादा भी अभी तक धरातल पर नहीं उतर सका है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि अबोहर नगर निगम को मात्र पांच करोड़ रुपये देकर राज्य सरकार ने क्षेत्र की जनता की उपेक्षा की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार इससे अधिक राशि अपने छोटे-छोटे गांवों के विकास पर खर्च कर रही है।
नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी को अपनी संभावित हार का आभास हो चुका है, इसलिए कुछ लोग प्रदेश के संसाधनों का दुरुपयोग करने में लगे हैं। उन्होंने पार्टी नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि जनता अब उनके दावों और वादों की वास्तविकता को समझ चुकी है।
रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने पंजाब सरकार के दावों की तुलना हरियाणा से करते हुए कहा कि जहां पंजाब में पांच वर्षों में 65 हजार नौकरियां देने की बात कही जा रही है, वहीं हरियाणा सरकार ने पिछले एक वर्ष में ही 55 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं।
उन्होंने कहा कि यदि पंजाब की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा की नीतियों पर विश्वास जताती है तो हरियाणा की तर्ज पर विकास और जनकल्याणकारी योजनाएं पंजाब में भी लागू की जाएंगी। उन्होंने किसानों की फसलों की एमएसपी पर खरीद, फसल क्षति पर उचित मुआवजा और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने का आश्वासन देते हुए पंजाब को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने का संकल्प दोहराया।
ओबीसी समाज के उत्थान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय को नीतिगत प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर समाज को नई शक्ति प्रदान की है तथा मेडिकल एवं उच्च शिक्षा संस्थानों में ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण उपलब्ध कराकर युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ओबीसी समाज को केवल वोट बैंक नहीं माना, बल्कि उसे नेतृत्व और निर्णय प्रक्रिया में सम्मानजनक भागीदारी दी है। उन्होंने ओबीसी समाज से भाजपा को मजबूत बनाने और पंजाब में संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हरियाणा के लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सम्मेलन की तैयारियों के दौरान उन्हें पंजाब के विभिन्न गांवों में जाने का अवसर मिला, जहां बड़ी संख्या में युवा नशे की गिरफ्त में दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों की पीड़ा देखकर स्पष्ट होता है कि जनता बदलाव चाहती है। गंगवा ने दावा किया कि भाजपा ही पंजाब को नशे के दलदल से बाहर निकालकर विकास की मुख्यधारा में ला सकती है।
कार्यक्रम में पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में ओबीसी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

