फरीदाबाद। नगर निगम फरीदाबाद द्वारा वार्ड संख्या 3 से 22 तक के पार्षदों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक निगम सचिव अनिल यादव और क्षत्रिय एवं कर अधिकारी सुमन रतरा, ZTO विकास कन्हैया, क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी अशोक ठाकुर सहित टैक्स विभाग के अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
हरियाणा सरकार की प्रॉपर्टी टैक्स ब्याज माफी योजना, लाल डोरा प्रमाण पत्र तथा सेल्फ सर्टिफिकेशन प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स में विशेष छूट (रिबेट) प्रदान की जा रही है। इस योजना का अधिक से अधिक लाभ आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशों पर सभी पार्षदों से अपने-अपने वार्डों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने का अनुरोध किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि पात्र नागरिक समय रहते अपनी संपत्तियों का रिकॉर्ड अपडेट करवाएं तथा सरकार द्वारा दी जा रही रियायतों का लाभ उठाएं। बैठक में लाल डोरा प्रमाण पत्र एवं सेल्फ सर्टिफिकेशन से संबंधित प्रक्रियाओं की भी विस्तार से जानकारी दी गई ताकि नागरिकों को इन सेवाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समयावधि के भीतर नियमों की पालना नहीं करने और ब्याज माफी योजना का लाभ 30 जून तक नहीं उठाने वाले ऐसे बकाया टैक्स संपत्ति धारकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग की कार्रवाई भी अमल में लाई जा सकती है।
नगर निगम अधिकारियों ने सभी पार्षदों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान चलाकर नागरिकों को सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इन सुविधाओं एवं रियायतों का लाभ प्राप्त कर सकें।

