-खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल के वार्ड नंबर-10 में पांच करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का किया शिलान्यास
-नागरिकों ने खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम का गर्मजोशी से किया स्वागत
पलवल, 27 जुलाई। हरियाणा सरकार में खेल एवं कानून राज्य मंत्री गौरव गौतम ने सोमवार को नगर परिषद पलवल शहर के वार्ड संख्या-10 स्थित कुसलीपुर क्षेत्र में पांच करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का नारियल फोडक़र शिलान्यास किया। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय नागरिकों द्वारा मुख्य अतिथि गौरव गौतम का पगडिय़ों और फूल मालाओं से भव्य स्वागत अभिनंदन किया गया।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेशभर में विकास कार्य अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहे हैं और प्रदेशभर में विकास कार्यों की झड़ी लगी हई है। पलवल क्षेत्र में भी सडक़, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में लगातार अभूतपूर्व विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे आम नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हो रहा है।
लोगों को प्राप्त होंगी बेहतर नागरिक सुविधाएं : गौरव गौतम
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि वार्ड-10 में शुरू किए गए विभिन्न विकास कार्यों के पूरा होने से आवागमन सुगम होगा, जलभराव की समस्या का समाधान होगा तथा नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने विकास परियोजनाओं के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इन कार्यों से क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी तथा स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा भारत : गौरव गौतम
राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में इसी विकास यात्रा को गांव-गांव और शहर-शहर तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पलवल को आधुनिक एवं सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए विकास कार्य निरंतर जारी हैं और भविष्य में भी जनहित की अनेक योजनाएं धरातल पर उतारी जाएंगी। उन्होंने कहा कि पलवल में एक भी दिन विकास कार्य नहीं रूकेंगे।
इन परियोजनाओं की रखी आधारशिला :
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने पलवल शहर में पांच करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया, जिनमें ओबीसी सामुदायिक भवन, सडक़ एवं नाली निर्माण, विभिन्न मोहल्लों और गलियों में सडक़ एवं नाली निर्माण, सरकारी स्कूल से विभिन्न मार्गों तक संपर्क सडक़ निर्माण का शिलान्यास कार्य शामिल रहे। इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर आवागमन, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर नगर परिषद चेयरमेन डा. यशपाल, पार्षद अनुज शर्मा, संतराम सहित अन्य पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

