बल्लभगढ़ | बल्लभगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल की धर्मपत्नी, बल्लभगढ़ पीसीसी डेलीगेट एवं पूर्व महिला कांग्रेस प्रदेश महासचिव प्रियंका मनोज अग्रवाल को हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नियुक्त किया गया है। हरियाणा कांग्रेस की राजनीति में प्रियंका मनोज अग्रवाल का नाम संघर्ष, जनसेवा और पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा के लिए जाना जाता है। अपनी इस नई जिम्मेदारी पर उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए पार्टी संगठन द्वारा जताए गए भरोसे पर पूरी निष्ठा से खरा उतरने का संकल्प दोहराया है।
पिछले एक दशक से भी अधिक समय से प्रियंका मनोज अग्रवाल ने कांग्रेस पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर बल्लभगढ़ से लेकर पूरे प्रदेश में महिलाओं के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष किया है। अपने इसी ज़मीनी संघर्ष, सेवा और वफ़ादारी के बल पर आज उनका नाम हरियाणा के प्रमुख कांग्रेस नेताओं में शुमार होता है। बल्लभगढ़ में उनके द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न समाज-कल्याणकारी कार्यक्रमों की सराहना प्रदेश कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व भी कई बार कर चुका है।
अपनी इस महत्वपूर्ण नियुक्ति के लिए प्रियंका मनोज अग्रवाल ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एआईसीसी राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, एआईसीसी राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा, अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्षा अलका लांबा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह तथा हरियाणा प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्षा पर्ल चौधरी का सहृदय धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया है।
प्रियंका मनोज अग्रवाल ने बल्लभगढ़ की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि आज बल्लभगढ़ विकास के अभाव में दर्द से कराह रहा है। मौजूदा भाजपा सरकार बल्लभगढ़ की जनता के साथ लगातार सौतेला व्यवहार कर रही है, जिसके कारण यहाँ का नागरिक बुनियादी सुविधाओं, बदहाल सड़कों, जलभराव और अव्यवस्थाओं से त्रस्त है। विकास के झूठे दावे करने वाली इस सरकार ने बल्लभगढ़ के विकास को पूरी तरह से ठप्प करके उपेक्षित छोड़ दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की नायब सैनी सरकार पूरी तरह महिला विरोधी है और राज्य में महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। वह बल्लभगढ़ की जनता के मान-सम्मान और महिलाओं के हक के लिए इस अन्याय के खिलाफ मजबूती से संघर्ष करती रहेंगी। आने वाले समय में हरियाणा में बदलाव का बिगुल बल्लभगढ़ की पावन धरा से ही बजेगा और कांग्रेस पार्टी सबसे पहली और ऐतिहासिक जीत वल्लभगढ़ विधानसभा सीट पर ही दर्ज करेगी।

