– सेवा संकल्प अभियान बना विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने का माध्यम
फरीदाबाद, 4 अक्टूबर। प्रदेश सरकार द्वारा आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने और सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए रचनात्मक एवं जागरूकता आधारित गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अतिरिक्त उपायुक्त एवं सेवा संकल्प अभियान की जिला नोडल अधिकारी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग में सेवा, सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता और सामाजिक चेतना विकसित करने के लिए विद्यालय स्तर पर आयोजित की जा रही ऐसी गतिविधियां अत्यंत प्रभावी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को इन आयोजनों के लिए बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सकारात्मक सोच ही विकसित और जागरूक समाज की मजबूत नींव है।
उन्होंने बताया कि उर्मीला विद्या निकेतन पब्लिक स्कूल, पर्वतीय कॉलोनी, फरीदाबाद में ड्रॉईंग प्रतियोगिता तथा भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं नई दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-75 में गांधी जयंती के विषय पर विद्यार्थियों ने अपने विचार एवं रचनात्मक प्रतिभा प्रस्तुत की। मॉडर्न डीपीएस, खेड़ी गुजरान में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई गई।
इसी प्रकार आदर्श मॉडर्न पब्लिक स्कूल तथा शिवालिक कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में भी विद्यार्थियों के लिए विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने चित्रों, भाषणों और प्रदर्शनी के माध्यम से सेवा संकल्प के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
एडीसी अंजलि श्रोत्रिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों को समाज में सकारात्मक बदलाव के वाहक के रूप में तैयार किया जा रहा है। इन गतिविधियों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित होती है, जो भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

