– 190 से अधिक देशों में मनाया जा रहा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, भारत की संस्कृति का बढ़ा गौरव : राजेश नागर
– 9. योग दिवस समारोह में मुख्य अतिथि राजेश नागर और विशिष्ट अतिथि डॉ. अर्चना गुप्ता ने की सहभागिता
फरीदाबाद, 21 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प एवं दूरदर्शी नेतृत्व के परिणामस्वरूप अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। इसी कड़ी में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन देश एवं विश्वभर में उत्साहपूर्वक और अभूतपूर्व स्तर पर किया जा रहा है। फरीदाबाद में आयोजित जिला स्तरीय योग दिवस समारोह में हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, मुद्रण एवं लेखन सामग्री राज्यमंत्री राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर राज्यमंत्री राजेश नागर एवं प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली का संदेश दिया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित एवं सफल जीवन जीने की भारतीय संस्कृति का अमूल्य उपहार है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, युवाओं एवं नागरिकों का आह्वान करते हुए कहा कि आज भले ही अनेक विद्यार्थी विद्यालयों के माध्यम से योग कार्यक्रम में शामिल होने आए हों, लेकिन यदि वे योग के महत्व को समझकर इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लें तो यह उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने कहा कि योग एवं प्राणायाम के माध्यम से शरीर की प्रत्येक कोशिका तक पर्याप्त ऑक्सीजन पहुंचती है, जिससे शरीर स्वस्थ एवं ऊर्जावान बना रहता है। कपालभाति, अनुलोम-विलोम सहित विभिन्न योग क्रियाएं फेफड़ों की क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत करती हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में प्रतिस्पर्धा के बढ़ते दौर में विद्यार्थी मानसिक दबाव और तनाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे में योग मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और मनोबल बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को तनाव, चिंता और विभिन्न प्रकार की चुनौतियों का सामना करने की शक्ति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौरान भी भारत ने अपनी मजबूत प्रतिरक्षा क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली के बल पर दुनिया के अनेक देशों की तुलना में बेहतर स्थिति बनाए रखी। योग और भारतीय जीवन पद्धति ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि देश को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाने के लिए योग को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। योग व्यक्ति को केवल स्वस्थ ही नहीं बनाता, बल्कि उसे जीवन के हर क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि आज का युवा ही कल राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए स्वस्थ एवं सक्षम युवा पीढ़ी के निर्माण के लिए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है तथा विश्व के 150 से अधिक देशों में लोग योग को अपना रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखद जीवन की कामना की।
हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति, उपभोक्ता मामले, मुद्रण एवं लेखन सामग्री राज्यमंत्री राजेश नागर ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और जीवन पद्धति का अभिन्न अंग है, जिसे आज विश्वभर में व्यापक स्वीकृति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान प्राप्त हुई और आज 190 से अधिक देश अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मना रहे हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में उन्हें न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में आयोजित योग कार्यक्रम को देखने का अवसर मिला था, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने योग को अपनाकर भारत की इस महान परंपरा का सम्मान किया।

