जगाधरी,  जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर चौधरी देवी लाल आयुर्वेदिक महाविद्यालय, जगाधरी में हरियाणा योग आयोग एवं आयुष विभाग, हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित विशेष योग सत्र में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सहभागिता कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, नागरिकों, अधिकारियों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर “स्वस्थ आयु के लिए योग” के संकल्प को मजबूत किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा के संतुलन का विज्ञान है। भारत की हजारों वर्ष पुरानी योग परंपरा आज पूरी दुनिया को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का वैश्विक स्तर पर बढ़ता प्रभाव भारत की सांस्कृतिक विरासत और ज्ञान परंपरा की विश्वव्यापी स्वीकार्यता का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ते तनाव, मोटापा, मधुमेह, हृदय रोग और मानसिक समस्याओं के बीच योग एक प्रभावी समाधान के रूप में उभरा है। नियमित योग, व्यायाम और पैदल चलने की आदत व्यक्ति को अनेक बीमारियों से बचाने के साथ-साथ मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी प्रदान करती है। स्वस्थ नागरिक ही विकसित समाज और मजबूत राष्ट्र की नींव रखते हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि जापान, फ्रांस, जर्मनी, संयुक्त अरब अमीरात और ऑस्ट्रेलिया सहित दुनिया के अनेक देशों में योग तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। विभिन्न देशों में योग को तनावमुक्त जीवन, मानसिक शांति और बेहतर कार्यक्षमता के लिए अपनाया जा रहा है। यह भारत की सांस्कृतिक शक्ति और वैश्विक नेतृत्व की पहचान है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग के वैश्विक विस्तार की सराहना करते हुए कहा कि “योग फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ” का संदेश पूरी मानवता को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य कर रहा है। साथ ही उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा अपने स्वास्थ्य के लिए समर्पित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि योग और पर्यावरण संरक्षण दोनों ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज के निर्माण के लिए आवश्यक हैं। प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली का संकल्प विकसित हरियाणा तथा विकसित भारत की आधारशिला है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं। प्रत्येक व्यक्ति के स्वस्थ होने से ही प्रत्येक परिवार खुशहाल होगा और विकसित हरियाणा व विकसित भारत का सपना साकार होगा। उन्होंने कहा कि योग से ही निरोग भारत और समर्थ भारत का निर्माण संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About Us

फरीदाबाद दर्शन एक स्वतंत्र हिंदी समाचार पोर्टल है, जो फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों की ताज़ा, सत्य और निष्पक्ष खबरें पाठकों तक पहुँचाता है। हमारा उद्देश्य स्थानीय समाचारों को विश्वसनीय और जिम्मेदार तरीके से प्रस्तुत करना है।

Contact

📍 Faridabad, Haryana
📧 Email: dishuojha707@gmail.com
📞 Phone: +91 9891990785 , +91 9540702609

© 2026 Faridabad Darshan — All Copyrights Reserved
Made with ❤️ by Divyanshu Ojha (Journalist)