फरीदाबाद, 25 अप्रैल। एसडीएम फरीदाबाद हनी बंसल ने 26 अप्रैल रविवार को आयोजित होने वाली एचसीएस (Ex. Br.) एवं अन्य अलाइड सर्विसेज प्रीलिम्स परीक्षा-2025 के मद्देनजर आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-28 फरीदाबाद सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को सुचारू, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना रहा।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम हन्नी बंसल ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
एसडीएम ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली की भी जांच की तथा निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान सभी कैमरे सुचारू रूप से कार्यरत रहें। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए।
एसडीएम हन्नी बंसल ने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमैट्रिक उपस्थिति तथा अन्य निर्धारित प्रावधानों का सख्ती से पालन किया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी बनी रहे।
उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

