सेक्टर 28 में बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा का शुभारंभ करते बोलीं मंत्री राजेश नागर की पत्नी मंजू नागर
फरीदाबाद। बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने विस्तार के तहत फरीदाबाद के सेक्टर-28 में नई शाखा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर की अनुपस्थिति में उनकी पत्नी मंजू नागर ने शाखा का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर मंजू नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में देश के हर व्यक्ति तक बैंकिंग व्यवस्था पहुंची है। मोदी सरकार ने जीरो बैलेंस अकाउंट के जरिए देश के हर नागरिक को बैंकिंग करना सिखाया है, वहीं बैंकों को भी आम जनता तक पहुंचना पड़ा है। 2014 से पहले देश की आजादी के 60 साल बीत जाने के बाद भी लोगों को बैंक अकाउंट खुलवाने के लिए पापड़ बेलने पड़ते थे लेकिन पिछले 12 सालों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बैंकिंग व्यवस्था जनहितैषी बनी है। उन्होंने
बैंक ऑफ महाराष्ट्र द्वारा क्षेत्र में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार की सराहना की तथा इसे स्थानीय व्यापारियों, उद्यमियों एवं आम नागरिकों के लिए लाभकारी बताया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का विस्तार वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति प्रदान करेगा।
इस अवसर पर गुरुग्राम अंचल के प्रबंधक अभिषेक बिंदल ने बताया कि फरीदाबाद सेक्टर-28 शाखा के शुभारंभ के साथ बैंक ऑफ महाराष्ट्र की हरियाणा राज्य में कुल 66 शाखाएँ तथा गुरुग्राम अंचल के अंतर्गत 41 शाखाएँ हो गई हैं। यह विस्तार बैंक की ग्राहक-केंद्रित एवं सशक्त बैंकिंग सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि नई शाखा के शुभारंभ के साथ बैंक ऑफ महाराष्ट्र ने ग्राहकों को और अधिक सुलभ, सुविधाजनक एवं आधुनिक बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। इस शाखा में भी बचत एवं चालू खाते, गृह ऋण, वाहन ऋण, शिक्षा ऋण, एमएसएमई ऋण, डिजिटल बैंकिंग तथा अन्य प्रमुख बैंकिंग सेवाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैंक के उप अंचल प्रबंधक सनोज कुमार ने बताया कि फरीदाबाद के प्रमुख व्यावसायिक एवं आवासीय क्षेत्र सेक्टर-28 में स्थित यह शाखा ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं त्वरित बैंकिंग सेवाएँ प्रदान करेगी तथा क्षेत्र के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगी। उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ महाराष्ट्र देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक है और अपने विस्तृत शाखा नेटवर्क, ग्राहक-केंद्रित सेवाओं तथा अत्याधुनिक डिजिटल बैंकिंग समाधानों के माध्यम से देशभर में लाखों ग्राहकों को सेवाएँ प्रदान कर रहा है।
इस अवसर पर मंत्री की बहन सुधा खारी, बैंक की शाखा प्रबंधक हर्षिता श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, ग्राहक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

