मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विकसित भारत-2047 के संकल्प पर हुई विस्तृत चर्चा
चंडीगढ़, 9 जून। हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने सोमवार को चंडीगढ़ स्थित अपने आवास पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर तीनों नेताओं के बीच राष्ट्रहित, सुशासन, जनकल्याण और विकास से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और विकास के 12 वर्षों के कार्यकाल में देश द्वारा हासिल की गई उल्लेखनीय उपलब्धियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में चल रहे राष्ट्रीय प्रयासों और जनभागीदारी को लेकर भी चर्चा हुई।
नेताओं ने जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, आधारभूत संरचना के तीव्र विकास, डिजिटल परिवर्तन तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान लोकतांत्रिक संस्थाओं की भूमिका, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारियों और जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप प्रभावी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर भी मंथन किया गया।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला राष्ट्रीय अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
बैठक में युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भागीदारी, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता और लोकतांत्रिक मूल्यों को सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई।
विपुल गोयल ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का सार्वजनिक जीवन जनसेवा, लोकतांत्रिक परंपराओं और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनका अनुभव और मार्गदर्शन जनप्रतिनिधियों तथा युवा नेतृत्व के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है।

