
राष्ट्रपति पुलिस पदक और स्वर्ण पदकों से सम्मानित हैं डॉ अशोक कुमार वर्मा
पलवल। नशे के विरुद्ध अभियान को जन जन तक पहुंचाने में जुटे पुलिस उप निरीक्षक डॉ अशोक कुमार वर्मा को जिला प्रशासन पलवल द्वारा सम्मानित किया गया। डॉ अशोक कुमार वर्मा हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो में जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी के रूप में नियुक्त हैं। वे हरियाणा के सभी ज़िलों में नशे के विरुद्ध प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। वे प्राय: साइकिल के साधन का प्रयोग करते हुए शहर शहर जाकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक करते हैं। हरियाणा में वे 2600 से अधिक जागरूकता कार्यक्रम कर चुके हैं। वर्ष 2023 में हरियाणा सरकार द्वारा निकाली गई नशे के विरुद्ध साइकिलोथान यात्रा में वे सबसे आगे रहे और हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो की ओर से इस यात्रा का नेतृत्व किया था। पलवल ज़िले में 50 से अधिक नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम कर वे युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए जागरूक कर चुके हैं। वे इसके साथ ही हरियाणा में युवाओं को नशामुक्त करने के लिए भी कार्य करते हैं। नशा मुक्ति केंद्रों में भर्ती कराने से लेकर यथासंभव सहयोग कर रहे हैं। अनेक युवाओं को नशा मुक्त करने में बहुत ही सराहनीय कार्य कर चुके हैं। उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं के लिए वे गणतंत्र दिवस पर 2020 में राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित हो चुके हैं। रक्तदान के क्षेत्र में भी अतुलनीय सेवाएं करते हैं। वे स्वयं 174 बार रक्तदान और 85 बार प्लेटलेट्स दान कर चुके हैं। 532 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित कर चुके हैं। राज्यपाल हरियाणा द्वारा राजभवन चंडीगढ़ में तीन बार सम्मानित हो चुके हैं। उन्हें दो बार राज्यपाल द्वारा स्वर्ण पदक और गोलाकार शील्ड के साथ वे अनेक बार राज्यपाल से अन्य स्थानों पर भी अनेक बार सम्मानित हो चुके हैं। पलवल में उनकी सेवाओं को देखते हुए उपायुक्त पलवल डॉ हरीश कुमार वशिष्ट द्वारा उन्हें प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। ये प्रशंसा पत्र सिटी मजिस्ट्रेट अप्रतिम सिंह द्वारा डॉ अशोक कुमार वर्मा को प्रदान किया गया। उन्होंने डॉ अशोक कुमार वर्मा को बधाई देते हुए कहा कि जिला उपायुक्त डॉ हरीश कुमार वशिष्ट ने उन्हें बधाई दी।