
– मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रीतू यादव ने छात्राओं को किया प्रेरित
फरीदाबाद, 24 मई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), फरीदाबाद द्वारा चलाए जा रहे “Respecting Her Dignity” अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति छेड़छाड़ व उत्पीड़न जैसी घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से सरकारी मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय ख्वाजा, फरीदाबाद में छात्राओं के लिए एक आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरीदाबाद संदीप गर्ग के कुशल मार्गदर्शन में तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फरीदाबाद रीतू यादव की प्रत्यक्ष देखरेख और गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित किया गया। स्कूल के प्रधानाचार्य रविंदर मचंदा द्वारा मुख्य अतिथि श्रीमती रीतू यादव को पौधा भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए श्रीमती रीतू यादव ने कहा कि महिलाएं किसी भी रूप में कमजोर नहीं हैं। उन्होंने छात्राओं को किसी भी आपत्तिजनक स्थिति में धैर्य, साहस एवं सूझबूझ के साथ प्रतिक्रिया देने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षणों में घबराने के बजाय बुद्धिमत्ता से काम लेना चाहिए।
कार्यशाला का संचालन सुरेंद्र एवं उनकी कुशल टीम द्वारा किया गया, जिन्होंने आत्मरक्षा के व्यावहारिक व संवादात्मक तरीके से प्रशिक्षण दिया। उन्होंने यह बताया कि पेन, नोटबुक, पानी की बोतल जैसे रोजमर्रा के वस्तुओं का उपयोग भी आत्मरक्षा में प्रभावी रूप से किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आत्मरक्षा के विभिन्न गुर सिखाए गए और उन्हें व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे आत्मविश्वास से युक्त होकर किसी भी आपात स्थिति का सामना कर सकें। लीगल डिफेंस काउंसिल रविंद्र गुप्ता ने भी बच्चों को आत्मरक्षा में सीखे हुए तरीकों को भविष्य में अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का समापन उप-प्रधानाचार्य अजय गर्ग द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिन्होंने मुख्य अतिथि व डीएलएसए टीम का महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति उनके सतत प्रयासों के लिए आभार प्रकट किया।